Covid Vaccine · संग्रह · 1 Apr 2021
कोरोना टीका: जॉनसन एंड जॉनसन के कोरोना टीके की हुई जांच, गुणवत्ता में हुआ फेल
लेखक Feature Desk
कोरोना वायरस से बचने के लिए देश विदेश में इसकी वैक्सीन बनाने पर काम चल रहा है. भारत में भी कई कंपनियों ने इसका टीका बनाया है और कुछ पर कार्य चल रहा है. इसी बीच खबर आई है कि जॉनसन एंड जॉनसन की कोविड-19 वैक्सीन गुणवत्ता जांच में विफल हो गई है।
इसकी पुष्टि कंपनी ने खुद की है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, जॉनसन एंड जॉनसन ने बताया है कि उसकी कोरोना वैक्सीन की एक खेप गुणवत्ता जांच में असफल रही है और वो इस्तेमाल करने लायक नहीं है। हालांकि कंपनी ने यह नहीं बताया कि खराब हुई खुराक की संख्या कितनी है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जॉनसन एंड जॉनसन ने बुधवार को कहा कि एमर्जेंट बायोसॉल्यूशंस द्वारा बनाई गई वैक्सीन सामग्री गुणवत्ता मानकों पर खरी नहीं उतरी। दरअसल, कंपनी ने हाल ही में वैक्सीन के निर्माण में तेजी लाने के लिए 10 कंपनियों के साथ करार किया है, जिसमें एमर्जेंट बायोसॉल्यूशंस भी शामिल है।
रिपोर्ट्स की माने तो बड़े पैमाने पर जॉनसन एंड जॉनसन वैक्सीन की खुराक बर्बाद हुई है। हालांकि, कंपनी को उम्मीद है कि वो इस साल के अंत तक तक वैक्सीन के निर्माण के अपने अपने निर्धारित लक्ष्य को पूरा कर लेगी। कंपनी की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है, `हम 2021 के अंत तक एक अरब से अधिक खुराक बनाने के अपने लक्ष्य को पूरा कर लेंगे।`
विश्व स्वास्थ्य संगठन ने दी थी मंज़ूरी
विश्व स्वास्थ्य संगठन ने हाल ही में जॉनसन एंड जॉनसन की कोविड-19 वैक्सीन को आपातकालीन इस्तेमाल के लिए मंजूरी दी थी। यह वैक्सीन `वन शॉट डोज` पर आधारित है, यानी कोरोना से बचाव के लिए आपको इस वैक्सीन की सिर्फ एक ही खुराक लेनी होती है।
Up news · Corona virus · Corona vaccine · Johnson and Johnson vaccine · Johnson and johnson vaccine fail · Health news · Corona vaccination · Central health department
यह लेख NYOOOZ के पुराने संग्रह से है।