लखनऊ · संग्रह · 13 Jan 2018
मुख्यमंत्री महोदय! गोरखपुर महोत्सव अपराध नहीं है
लेखक Alok Verma
गोरखपुर महोत्सव बना चर्चा का विषय सैफई और गोरखपुर के अलावा भी होने चाहिए ऐसे महोत्सव महोत्सव का मतलब सिर्फ बॉलीवुड हस्तियों को बुलाना ही नहीं होता
-आलोक वर्मा
यूपी में लोगों का अजब ही मिज़ाज है, शहर में कुछ हो तो भी नाराजगी दिखाते हैं और न हो तो भी नाराज रहते हैं। वर्तमान में गोरखपुर महोत्सव सभी के लिए चर्चा का विषय बना हुआ है। सीएम योगी के शहर में आयोजित इस महोत्सव की तुलना अखिलेश के सैफई महोत्सव से की जा रही है। सैफई गांव यानी मुलायम, अखिलेश और शिवपाल का गांव। जाति का उल्लेख करना ठीक नहीं है, फिर भी सभी जानते है कि बाहुल्य किसका है।
बॉलीवुड हस्तियों को लाने और ले जाने के लिए सरकारी और प्राइवेट जेट्स इस्तेमाल किये जाते थे। बड़ी-बड़ी उद्योग से जुड़ी हस्तियां सलामी देती थीं और यह बड़ी बॉलीवुड व उद्योग से जुड़ी हस्तियां सलामी किसको बजाती थी सिर्फ यादव परिवार को। इसके लिए पूरा सरकारी तंत्र लगता था, बड़े अधिकारी ड्यूटी बजाते थे और आवभगत का खर्च भी सरकार उठाती थी।
अब गोरखपुर महोत्सव क्यों नहीं होना चाहिए ?
यह महोत्सव शहर के लोगों के लिए ऑर्गनाइज किया गया। न तो यह महोत्सव किसी परिवार विशेष के लिए था और न ही सलामी देने के लिए था। मुख्यमंत्री के शहर में इस महोत्सव का आयोजन निश्चित ही कोई क्राइम नहीं है। इस बात पर बहस हो सकती है कि महोत्सव पर कितनी फिजूलखर्ची की गई और क्या महोत्सव का मतलब सिर्फ बॉलीवुड हस्तियों को ही बुलाना होता है।
अधिकारी तो ज्यादातर चाटुकार होते हैं और हमेशा चाह रहती है कि कैसे प्रदेश के मुखिया को खुश करने का मौका ढूंढ़कर अपने नंबर हासिल करें ?, अगर यह अधिकारी जनता को केंद्र बिंदु मानकर किसी भी कार्यक्रम की रुपरेखा तैयार करें तो न केवल प्रदेश के मुख्यमंत्री को जनता की वाहवाही मिलेगी बल्कि मुख्यमंत्री को स्वयं भी स्वाभिमान महसूस होगा, लेकिन हमेशा इसका उल्टा होता है।
अफसरों की सोच में जनता केंद्र बिंदु न होकर प्रदेश का राजनेता केंद्र बिंदु होते हैं। कार्यक्रमों का सृजन इस आधार पर होता है कि सूबे का मुखिया खुश होगा कि नहीं। अधिकारियों के कार्य प्रणाली में बदलाव लाने के लिए यह जिम्मेदारी राजनेताओं की बनती है कि उन्हें निर्देश साफ दिए जाए कि उनकी सोच क्या जनता के हित के लिए है?
लेकिन सारा दोष सिर्फ अधिकारिओं के सर भी नहीं मढ़ा जा सकता है। समाजवादी पार्टी सरकार में या बसपा सरकार में सिर्फ यह देखा जा चुका है कि कैसे पार्टी राजनेताओं ने प्रदेश के हर कानून और व्यवस्था की धज्जियाँ उड़ा रखी थी। ना कोई कानून और ना ही कोई व्यवस्था। बस लूट खसोट या अनाधिकारिक व्यवस्था। भारतीय जनता पार्टी कि सरकार अब प्रदेश में स्थापित है लेकिन पार्टी विधायकों को या और छोटे स्तर के नेताओं को जब भी कोई मौका मिलता है तो कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने से नहीं चूकते।
इसी कड़ी में भाजपा सरकार को योगी आदित्यनाथ के मुख्यमंत्रित्व काल में भी कई बार कई फैसलों को लेकर बैकफुट पर आना पड़ा। बीआरडी मेडिकल कॉलेज में बच्चों की मौत या ताज महल को लेकर बयान बाज़ी या किसानों कि क़र्ज़ माफ़ी इन सभी मुद्दों को लेकर योगी आदित्यनाथ सरकार घिरी है लेकिन गोरखपुर महोत्सव के मुद्दे को लेकर योगी आदित्यनाथ जैसे सफाई देते नज़र आये तो ऐसा प्रतीत होता है कि वहां जो भी हुआ उसमे उनकी कोई सहमति नहीं थी। गोरखपुर के लोगों को योगी आदित्यनाथ के इस प्रकार के व्यवहार से नाराज़गी तो हुई होगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को उत्तरप्रदेश के हर जिले में महोत्सव करवाना चाहिए ताकि वहां के लोगों को प्रदेश की लोक कला, प्रदेश के हैंडीक्राफ्ट्स और साथ ही रुचिकर मनोरंजन कार्यक्रमों में हिस्सा लेने का मौका मिल सके।
लेकिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर महोत्सव को लेकर काफी रक्षात्मक से दिखे जैसे कि उनसे कोई बड़ी भारी गलती हो गयी।
मुख्यमंत्री महोदय गोरखपुर में महोत्सव मनाना अपराध नहीं है बल्कि उसके आयोजन के रूप को बदलने की आवश्यकता है। यह महोत्सव क्यों सिर्फ कुछ विशेष शहरों के लिये ही आयोजित किए जाते हैं। क्यों नही इनका आयोजन सैफई और गोरखपुर शहरों के अलावा प्रदेश के अन्य शहरों में भी आयोजित करने की पहल होनी चाहिए। उद्यमी, कलाकार, व्यापारी और दर्शक सभी लाभान्वित होंगे।
youth festival · gorakhpur mahotsav · saifai mahotsav · adityanath yogi · sp · bjp · akhilesh yadav · bollywood
यह लेख NYOOOZ के पुराने संग्रह से है।